Manipur Viral Video : “वीडियो वायरल होने पर ही मिलेगा न्याय” एक तंज

Manipur Viral Video

Manipur Viral Video : कुछ दिनों से 2 महिलाओं की कुछ ऐसी फोटोज और विडियो वायरल हो रही हैं जो की किसी व्यक्ति विशेष पर नहीं पूरी मानवता पर कलंक है|

इन फोटोज में पुरुषों का एक झुंड है जिनके साथ दो रोती – बिलखती महिलाएं नजर आती है जो की पूरी तरह से निर्वस्त्र हैं | इस विडियो और फोटोज में महिलाओं के साथ पुरुषों के रूप में कुत्तों और सूअरों का झुंड ऐसी हरकतें करता भी दिखता है जिसकी मैं यहां बात भी नहीं कर सकता |

इस विडियो के बाद हम सरकार को दोष दे सकते हैं, प्रशासन को दोष दे सकते हैं जो देना भी चाहिए,लेकिन यह घटना हमारे समाज के आईने को दिखाती है और बताती है की मानवता अब किस स्तर तक गिर गई है|

Manipur Viral Video के पीछे की कहानी 

Manipur Viral Video  : “India Today”  के एक न्यूज आर्टिकल में जैसा बताया गया है, मई की शुरुआत में बलात्कार की झूठी खबर मणिपुर (Manipur) में फैलती है| जो की दिल्ली में हुआ था लेकिन इसे मणिपुर में हुआ बताया जाता है| साथ में इस फेक न्यूज में यह महिला मैती समुदाय की बताई जाती है वही रेप करने वाले लोगो को कुकी समुदाय का बताया जाता है |

मैती समुदाय के लोगो की जनसंख्या मणिपुर में 40% है वहीं कुकी समुदाय मात्र 25% है| 

इस फेक न्यूज के वायरल होने के बाद लगभग 800 से 1000 मैती समुदाय के लोग हथियारों के साथ, कुकी समुदाय के गांव पर हमला कर देते हैं कई लोगो के घरों को जला देते हैं लूट पाट करते हैं |

यह देख गांव की 3 महिलाए और 2 पुरुष भाग कर लोकल पुलिस से सहायता लेते हैं | जब इन लोगो को पुलिस, पुलिस स्टेशन ले जा रही होती है तभी वही भीड़ बीच में आ जाती है और इन लोगो को पुलिस से छुड़ा कर अपने साथ ले जाती है|

इनमें से एक व्यक्ति को भीड़ वही जान से मार देती है और तीन महिलाओं को निर्वस्त्र कर दिया जाता है| इनमें से जो 21 वर्ष की महिला थी उसके साथ गैंग रैप किया है | जिसका विरोध उसका भाई करता है जिसकी आयु 19 वर्ष थी, लेकिन भीड़ उसके भाई की भी हत्या कर देती है |इसके बाद इन महिलाओं को जगली सूअरों की यह भीड़ निर्वस्त्र करके घुमाती है|

घटना होने के बाद सोता रहा प्रशासन और मीडिया

“India Today” के आर्टिकल में यह घटना 4 मई की बताई गई है| इसके बाद महिला के परिवार और कुकी समुदाय के द्वारा पुलिस स्टेशन में FIR करवाई जाती है | इसके बाद पुलिस तुरंत एक्शन लेती है और चादर ओढ़ कर सो जाती है|

 इसके बाद मणिपुर पहले की तरह ही जलता रहता है| अप्रैल से शुरू हुई यह हिंसा जारी रहती है दोनो समुदायों के कई लोग मारे जाते हैं, कई घायल हो जाते हैं| महिलाओं के साथ हुई यह घटना इसी हिंसा का एक हिस्सा होती है| सरकार द्वारा की गई हर कोशिश बुरी तरह से फेल हो जाती है| और हमारे देश की गोदी मीडिया व्यस्त हो जाती है सीमा हैदर की लव स्टोरी और SDM ज्योति मौर्य की बेवफाई के किस्से सुनाने में|

किसी भी न्यूज चैनल पर मणिपुर में होती हिंसा को लेकर कोई बड़ी कवरेज नहीं की जाती | कारण होता है मणिपुर में BJP सरकार का होना और सरकार द्वारा की गई हर एक कोशिश का असफल होना |

एक बात और मैं साफ करना चाहूंगा की यहां पर मैं BJP सरकार का विरोध कर रहा हूं इसका मतलब यह नहीं है की मैं कांग्रेस का समर्थन कर रहा हूं| निर्भया गैंग रैप जब हुआ था तब कांग्रेस ही सत्ता में थी|

मेरे लिए पहले देश में महिलाओं की सुरक्षा है फिर कुछ और| महिआलों की सुरक्षा से याद आया दिल्ली हाई कोर्ट ने BJP Leader बृजभूषण को जमानत दे दी है| यह वही बृजभूषण हैं जिनके ऊपर देश के जाने माने पहलवानों ने यौन उत्पीडन के इल्जाम लगाए हैं| वैसे इनके ऊपर और भी कई आरोप हैं जिनमें से एक आरोप तो इनके खुद के बेटे ने सुसाइड करने से पहले लगाया था| खैर आप कहोगे तो इसकी बात विस्तार से किसी और ब्लॉग में करेंगे |

Manipur Viral Video ने खोली नींद

19 जुलाई को इस घटना से जुड़ी विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होती है| इसके बाद सोई हुई न्यायिक व्यवस्था जागती है, सरकार जागती है, मीडिया को याद आता है की उसका काम क्या है| सुप्रीम कोर्ट विडियो आने के बाद बोलती है की राज्य सरकार अगर कुछ ठोस कदम नहीं उठाती तो कोर्ट इसे अपने स्तर पर देखेगी |
देश के प्रधानमंत्री बोलते हैं की दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा | मणिपुर के मुख्यमंत्री बोलते हैं दोषियों को मृत्यु दण्ड दिया जायेगा| इसके एक मुख्य आरोपी को पकड़ा भी जाता है|

लेकिन सवाल है की क्या किसी महिला को न्याय तब ही मिलेगा जब उसकी विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होगी, जब लोग रेप विडियो बनाएंगे, उसे सोशल मीडिया पर शेयर, इसे लेकर ट्वीट करेंगे| अगर ऐसा है तो सरकार को एक नियम बना देना चाहिए की आप न्याय की उम्मीद तब ही रखें जब आपकी बलात्कार की विडियो पर इतने व्यूज, कमेंट और लाइक्स हों, नहीं तो फिर कितनी ही FIR करवा लो, कुछ कार्यवाही नहीं होने वाली|

BJP  या Congress किसकी गलती?

और सिर्फ यह कोई एक घटना नहीं है, ना ही इसका बीजेपी कांग्रेस से कुछ लेना देना है, ऐसी ही घटना 2019 में राजस्थान के अलवर में भी हुई थी जहां पति के सामने ही पत्नी का गैंग रेप कर दिया जाता है| पुलिस स्टेशन में कंप्लेंट दर्ज करवाई गई लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन तब तक नहीं लिया जब तक की इससे जुड़ी विडियो सोशल मीडिया पर वायरल नहीं हुई |

मित्रों आपको आश्चर्य होगा की हर दिन लगभग 100 रेप कैसे पुलिस थाने में रजिस्टर होते है| अब आप इससे अंदाजा लगा सकते हैं की जब रजिस्टर केस 100 हैं, तो फिर रेप कितने होंगे जो किसी करप्शन, समाज का डर और बड़े नामों की वजह से दबा दिए गए हो | जो रजिस्टर केस हैं उनमें से कितनी महिलाओं को न्याय मिलता होगा, क्योंकि विडियोज हजारों में से 1-2 की ही सामने आती है| और अगर न्याय मिलता भी है तो यह भी न्याय कम, अन्याय ज्यादा होता है|

निर्भय रेप केस जिसमें सारे सबूत और गवाह मौजूद, पूरा देश निर्भया के समर्थन में खड़ा था लेकिन इसके बाद भी न्याय दिलाने में लगभग 7 साल लग गए| कहा जाता है की देरी से मिला न्याय भी एक अन्याय है लेकिन इस अन्याय के लिए हमारे देश में कोई कानून नहीं हैं|

इसलिए अब यह समय है महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऐसे कानून बनाने का जिसे सुनकर ही बलात्कारियों की रूह कांप जाए, एक ऐसा कानून जो महिलाओं को तुरंत न्याय दिलाने के लिए तत्पर हो, एक ऐसा कानून जो आम जनता से लेकर राज नेता तक सभी के लिए एक समान हो| साथ में चाहिए एक ऐसा समाज जहां माता पिता अपने लडको को नारी का सम्मान करना सिखाएं और लड़कियों को आत्मसुरक्षा और स्वयं के हक के लिए आवाज उठाना सिखाएं|